मेरठ, जेएनएन : सोमवार को टीपीनगर के शिवपुरम कालोनी में पेंटर ने पत्नी के पेट और सिर में दो गोली मारी। उसके बाद महिला को पूरे आंगन में घसीटा गया। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपित हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गया। पहले पति के बच्चों को लेकर दंपती में विवाद हुआ था। महिला को रोहटा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
टीपीनगर के रोहटा रोड स्थित शिवपुरम कालोनी निवासी सुरेश कुमार सेना में तैनात थे। उनकी मौत होने के बाद पत्नी मीनाक्षी ने देवर रवि कुमार से शादी कर ली। रवि मकानों पर पुताई का काम करता है। सोमवार को मीनाक्षी और रवि में सुरेश के दो बच्चों को लेकर विवाद हुआ। दरअसल, मीनाक्षी को एक बेटा रवि से भी है। विवाद इतना बढ़ा कि रवि कुमार ने तमंचे से पत्नी के पेट और सिर में दो गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तभी रवि कुमार तमंचा हवा में लहराते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस की मदद से मीनाक्षी को रोहटा रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ दिनेश चंद्र का कहना है कि महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपित की तलाश में दबिश डाली गई।
एक माह से चल रहा था दंपती में विवाद
रवि और मीनाक्षी में एक माह से विवाद चल रहा था। मीनाक्षी को पहले पति से दो बच्चे थे। एक बेटा दूसरे पति से है। कई बार दंपती में मारपीट भी हो गई। सोमवार को रवि ने मीनाक्षी को दो गोली मारकर आंगन में घसीटा। उसके बेटे से छुड़ाने की कोशिश की। उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।